चौहारघाटी के आराध्य देव हुरंग नारायण की अगुवाई में निकलेगी पहली जलेब

जोगिंद्रनगर: राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि देवता मेला की जोगिंद्रनगर में पहली जलेब चौहारघाटी के अराध्य देव हुरंग नारायण की अगुवाई में निकलेगी। उनके साथ देव पशाकोट, देव गहरी, देव सूत्रधारी ब्रह्मा भी शोभायात्रा में हिस्सा लेंगे।

लघु शिवरात्रि देवता मेले में जिले के 120 देवी-देवताओं को प्रशासन ने निमंत्रण भेजा है। इनमें देव माहूंनाग, कमरुनाग, देवी चामुंडा, सिमसा माता, देवी शक्ति बंडेरी, नैना देवी, देव ब्रह्माजी पाइंदल, देवी चंडी काली, जालपा देवी, देव अग्नि पाताल जी, देवी पुन्यगिरी शामिल हैं।

देवता मेले में बजंतरियों की प्रतियोगिता भी होगी। मेला समिति ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। मेला समिति के अध्यक्ष और एसडीएम कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि देवी-देवताओं के साथ मेले में शिरकत करने वाले देवलुओं, कारदारों के लिए रात्रि ठहराव की व्यवस्था सनातन धर्मसभा मंदिर में की जाएगी। भोजन की व्यवस्था प्रशासन करेगा। इसके अलावा शौचालय और स्नानागार की सुविधाओं को लेकर बैठक बुलाई गई है।

उन्होंने बताया कि देव संस्कृति और परंपरा के अनुरूप ही राज्य स्तरीय देवता मेले का शुभारंभ होगा। चौहारघाटी के अराध्य देव हुरंग नारायण की पूजा-अर्चना के बाद देव कार्य शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि मेले की पहली जलेब एक अप्रैल को रामलीला मैदान से निकलेगी। दोपहर चार बजे राज्य स्तरीय देवता मेले का शुभारंभ होगा। पांच अप्रैल को मेले की दूसरी जलेब भी रामलीला मैदान से निकाली जाएगी।

राज्य स्तरीय देवता मेले की शोभा बढ़ाने वाले चौहारघाटी के अराध्य देवी देवताओं के अलावा उपमंडल के प्राचीन मंदिरों के स्वर्णिम इतिहास की पुस्तिका के विमोचन को लेकर भी प्रशासन की तैयारियां चल रही हैं। मेले में पहली बार पुस्तिका का विमोचन होगा। इसमें देवी-देवताओं के धार्मिक स्थल, उनकी मान्यता के इतिहास का जिक्र होगा।

एसडीएम कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि मेले को बेहद आकर्षक बनाने को लेकर प्रशासन कड़ी मेहनत कर रहा है। इसमें स्थानीय लोगों का सहयोग भी मांगा गया है।

Leave a Comment