संजीव भंडारी ने भरी हुंकार, बोले- टिकट मिले या न मिले, हर हाल में लड़ूंगा चुनाव

जोगिंदर नगर: हिमाचल प्रदेश भाजपा सरकार के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के दामाद संजीव भंडारी (Sanjeev Bhandari) ने चुनाव लडऩे की हुंकार भर दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का टिकट न मिला तो भी वह विधानसभा चुनाव हर हालत में लड़ेंगे, जिसका एक कारण उन पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं का दवाब है।

शुक्रवार को जोगिंदर नगर में पत्रकार वार्ता के दौरान संजीव भंडारी ने कहा कि क्षेत्र के स्वर्णिम विकास, महिलाओं के सम्मान को प्राथमिकता देने के लिए वह चुनावी दंगल में कूदे हैं। एक सुखी समृद्ध परिवार से संबंध रखने के बाद उनके कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि वह भी चुनाव लड़कर जनहित में सेवाएं दें। विधानसभा क्षेत्र में उन्हें महिला व पुरुष मतदाताओं का अधिक स्नेह मिल रहा है। वह नेक कमाई से जरूरतमंदों की सहायता के लिए बीते कई माह से प्रयासरत हैं।

जोगिंदर नगर उपमंडल की 56 पंचायतों में 1167 महिला मंडलों के सम्मान समारोह में उन्होंने जो सौगातें बांटी हैं वह उनकी नेक कमाई के आमदनी का दस प्रतिशत हिस्सा रहा है। 18 सितंबर को मछयाल में युवाओं के सम्मान समारोह में 350 महिला मंडल की सैकड़ों महिलाओं को आमंत्रित किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस उन्हें टिकट देती है तो भी अन्यथा वह गैर राजनीतिक दल के सहयोग से अपने बलबूते पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। उन्होंने दोनों ही दलों के शीर्ष नेतृत्व से भी टिकट की मांग की है।

संजीव भंडारी ने चुनाव लडऩे की दिलचस्पी पर बताया कि वह क्षेत्र को विकास में आगे ले जाने के लिए चुनाव लडऩे जा रहे हैं। इसमें युवा मतदाताओं, महिला, पुरुष मतदाताओं का भी सहयोग मिल रहा है। संजीव भंडारी ने विधानसभा क्षेत्र जोगिंदर नगर में राजनीति का सुख भोग चुके भाजपा व कांग्रेस के नेताओं पर भी नए विकास के आयाम व युवाओं को रोजगार न दिलाने पर भी चिंता व्यक्त की।

जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लडऩे का एलान कर शिक्षा क्षेत्र में कार्य करने के अलावा रोजगार के नए आयाम स्थापित करने की प्राथमिकता संजीव भंडारी ने बताई। हेल्थ के क्षेत्र में भी सुविधाएं विकसित करने का भरोसा दिलाया। उनके साथ समर्थक आशीष ठाकुर भी मौजूद रहे।

Leave a Comment