जोगिंदर नगर : विद्युत शहर | Joginder Nagar : Powerhouse City – अवलोकन, इतिहास, कैसे पहुंचे – पूरी जानकारी

जोगिंदर नगर (Joginder Nagar) भारत के पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में स्थित एक शहर है। इसे पहले सकराहटी नाम से जाना जाता था। बाद में मंडी रियासत के अंतिम राजा जोगिंदर सेन के नाम पर इसका नाम जोगिंदर नगर पड़ा। 2011 की जनगणना के अनुसार साल 2011 में जोगिंदर नगर की जनसंख्या 5335 और जोगिंदर नगर तहसील की जनसंख्या 1,10,302 थी।

चारों ओर से पहाड़ों से घिरा जोगिंदर नगर हिमाचल के मंडी जिले का तीसरा सबसे बड़ा शहर है। जो समुद्र तल से 1,010 मीटर (3,314 फुट) की ऊंचाई पर स्थित है। जोगिंदर नगर हिमाचल के कुछ चुनिन्दा शहरों में एक है जो इस समय रेलसुविधा से जुड़ा है। जोगिंदर नगर 163 किमी लंबी कांगड़ा घाटी नैरो गेज रेलहेड का टर्मिनल पॉइंट है।

जोगिंदर नगर एशिया का एकमात्र ऐसा शहर है जिसमें तीन हाइड्रो प्रोजेक्ट हैं – शानन जलविद्युत परियोजना, बस्सी जलविद्युत परियोजना और बरोट जलविद्युत परियोजना। इसलिए इसे पावरहाउस सिटी या विद्युत शहर के नाम से भी जाना जाता है।

जोगिंदर नगर (Joginder Nagar) में क्या-क्या है

जोगिंदर नगर में नगर परिषद, सब-डिविजन मजिस्ट्रेट, पुलिस थाना, पेट्रोल पंप, बैंक, सरकारी स्नातकोत्तर डिग्री कॉलेज, आयुर्वेदिक शोध संस्थान, सरकारी तकनीकी संस्थान (ITI), सरकारी अस्पताल, हिमाचल का इकलौता राजस्व ट्रेनिंग संस्थान, बहुत सारे सरकारी व प्राइवेट उच्च माध्यमिक स्कूल हैं। यहाँ रहने और खाने पीने के लिए बहुत सारे अच्छे व सस्ते होटल उपलब्ध हैं। रात्रि ठहराव के लिए सरकारी रेस्ट हाउस और टूरिज्म डिपार्टमेंट होटल ऊहल भी अच्छे ऑप्शन हैं।

जोगिंदर नगर (Joginder Nagar) कैसे पहुंचे

फ्लाइट – Flight

अगर आप किसी दूसरे राज्य से फ्लाइट के माध्यम से जोगिंदर नगर आना चाहते हैं तो जोगिंदर नगर से निकटतम हवाई अड्डा गग्गल हवाई अड्डा है जो कि कांगड़ा जिला में हैं। आप यहाँ तक फ्लाइट ले सकते हैं। यहाँ से कैब या बस से आगे का सफर तय कर सकते हैं। इसके अलावा कुल्लू जिला के भुंतर और शिमला जिला के जुब्बर हट्टी हवाई अड्डे तक भी आप फ्लाइट ल सकते हैं और आगे की दूरी कैब या बस से तय कर सकते हैं।

रेलवे – Railway

जोगिंदर नगर joginder nagarआप रेलमार्ग से भी जोगिंदर नगर की यात्रा कर सकते हैं जो कि आपको काफी सस्ती भी रहेगी और आप पहाड़ो का लुत्फ उठाते हुए जोगिंदर नगर पहुंच सकते हैं। पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरोगेज़ रेलमार्ग जोगिंदर नगर को पालमपुर, कांगड़ा, नूरपुर और पठानकोट से जोडता है। पठानकोट से जोगिंदर नगर नैरोगेज़ रेलमार्ग की कुल लम्बाई 163 किलोमीटर है। पठानकोट से जोगिंदर नगर के लिए पहली ट्रेन सुबह 10:10 बजे चलती है जो शाम 7:55 पर जोगिंदर नगर पहुंचती हैं। दूसरी ट्रेन रात 2:05 बजे चलती है जो सुबह 11 बजे जोगिंदर नगर पहुंचती है।

सड़क – By Road

राष्ट्रीय राजमार्ग 154 जोगिंदर नगर से होकर गुज़रता है। आप चंडीगढ़ से वाया बिलासपुर या चंडीगढ़ से वाया हमीरपुर-कांगड़ा होते हुए जोगिंदर नगर पहुंच सकते हैं। इसके अलावा जोगिंदर नगर-सरकाघाट राज्य राजमार्ग से भी यहां पहुंचा जा सकता है।

Leave a Comment